ग्राम पंचायत करवाल ने रचा इतिहास, सर्वसम्मति से चुने गए प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य

सलूणी तहसील के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत करवाल ने पंचायत चुनावों में भाईचारे, एकता और आपसी सहयोग की मिसाल पेश करते हुए एक नया इतिहास रच दिया। पंचायत में प्रधान, उपप्रधान तथा सभी वार्ड सदस्यों का चयन सर्वसम्मति (निर्विरोध) से किया गया, जिसके चलते पंचायत लगभग 25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि की हकदार बनी है।

गांव के लोगों ने राजनीतिक प्रतिस्पर्धा से ऊपर उठकर पंचायत के विकास, शांति और एकजुटता को प्राथमिकता दी। पंचायत में प्रधान पद के उम्मीदवार रहे अजय कुमार और सुभाष कुमार ने आपसी सहमति और पंचायत हित को ध्यान में रखते हुए अपना समर्थन हरीश कुमार जी की धर्मपत्नी श्रीमती बॉबी देवी को देकर प्रधान पद के लिए निर्विरोध चयन सुनिश्चित किया।

वहीं उपप्रधान पद के उम्मीदवार संजय ठाकुर ने भी बड़ा त्याग दिखाते हुए अपना समर्थन सुरेंद्र कुमार जी को सौंप दिया, जिसके बाद उपप्रधान पद पर भी सर्वसम्मति बनी।

गांव के बुजुर्गों, युवाओं और सभी पंचायत प्रतिनिधियों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे पंचायत की एकता, भाईचारे और सामाजिक समर्पण का प्रतीक बताया। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के निर्णय विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ समाज में प्रेम और सौहार्द को भी मजबूत करते हैं।

पंचायत के सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों तथा त्याग और सहयोग की भावना दिखाने वाले उम्मीदवारों को क्षेत्रभर से बधाइयां मिल रही हैंलोगों ने कहा कि जिन उम्मीदवारों ने पंचायत हित में बलिदान दिया है, उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

ग्राम पंचायत करवाल आज पूरे क्षेत्र में एकता, एकजुटता और भाईचारे का उदाहरण बनकर उभरी है।

इस विषय से संबंधित:

Toggle Dark Mode