हिमाचल प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ IAS अधिकारी पंकज राय को हिमाचल प्रदेश विद्युत नियामक आयोग (HPERC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। ऊर्जा विभाग की ओर से मंगलवार देर शाम इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई।
पांच साल का होगा कार्यकाल
जारी अधिसूचना के अनुसार पंकज राय का कार्यकाल पांच वर्ष या 65 वर्ष की आयु पूरी होने तक रहेगा। इनमें से जो भी पहले होगा, उसी के आधार पर उनका कार्यकाल निर्धारित किया जाएगा।
प्रशासनिक क्षेत्र में रहा है लंबा अनुभव
पंकज राय अपने प्रशासनिक करियर में कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। वह बिलासपुर और लाहौल-स्पीति के उपायुक्त (DC), शिमला नगर निगम के आयुक्त और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने PGIMER चंडीगढ़ में प्रशासनिक उपनिदेशक के रूप में भी कार्य किया है।
नियुक्ति को लेकर पहले भी हुआ था विवाद
विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति की प्रक्रिया पिछले कई महीनों से चर्चा में थी। चयन समिति की सिफारिशों को स्वीकार नहीं किए जाने के मामले में हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में भी मामला पहुंचा था। अब नई अधिसूचना जारी होने के बाद इस पद को लेकर बनी अनिश्चितता समाप्त हो गई है।
