केवाईसी अपडेट और रिफंड के नाम पर स्क्रीन शेयर करवा रहे साइबर ठग, बैंक अधिकारी बनकर लगा रहे चपत
साइबर अपराधी नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। आरोपी बैंक अधिकारी, कस्टमर केयर प्रतिनिधि और सेवा प्रदाता कंपनियों के कर्मचारी बनकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। वे केवाईसी अपडेट, रिफंड और तकनीकी समस्या दूर करने का झांसा देकर मोबाइल की स्क्रीन शेयर करवा लेते हैं। इसके बाद मोबाइल पर आने वाली गोपनीय जानकारियों का दुरुपयोग कर बैंक खातों से पैसे निकालने की कोशिश करते हैं।
मोबाइल की स्क्रीन शेयर करते ही खाली हो सकता है बैंक खाता, हिमाचल पुलिस ने जारी की साइबर ठगी को लेकर एडवाइजरी
अनजान कॉल पर मोबाइल की स्क्रीन शेयर करना आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है। साइबर अपराधी बैंक अधिकारी, कस्टमर केयर प्रतिनिधि और सेवा प्रदाता कंपनियों के कर्मचारी बनकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। आरोपी केवाईसी अपडेट, रिफंड और तकनीकी समस्या दूर करने का झांसा देकर लोगों से मोबाइल की स्क्रीन शेयर करवा लेते हैं। इसके बाद गोपनीय जानकारी हासिल कर बैंक खातों में सेंध लगाने की कोशिश करते हैं। बढ़ते साइबर अपराध के मामलों को देखते हुए हिमाचल प्रदेश पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से विशेष एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने लोगों से अनजान व्यक्तियों के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड न करने और मोबाइल की स्क्रीन साझा न करने की अपील की है।
स्क्रीन शेयर होते ही फोन पर होने वाली गतिविधियां ठग लाइव देख सकते हैं
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अनजान कॉलर के कहने पर स्क्रीन शेयर करने का अर्थ अपनी निजी और संवेदनशील जानकारियां उजागर करना है। अपराधी लोगों को भरोसे में लेने के लिए वीडियो कॉल या रिमोट एक्सेस ऐप डाउनलोड करवाकर स्क्रीन साझा करने को कहते हैं। स्क्रीन शेयर होते ही फोन पर होने वाली गतिविधियां ठग लाइव देख सकते हैं, जिससे उन्हें मोबाइल बैंकिंग ऐप में खाते का बैलेंस और वित्तीय विवरण दिख जाता है।
सबसे बड़ा खतरा ओटीपी को लेकर
सबसे बड़ा खतरा वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) को लेकर है। ऑनलाइन लेनदेन के दौरान स्क्रीन पर आने वाला ओटीपी ठगों को दिखाई दे सकता है, जिससे वे बैंक खाते से रकम निकाल सकते हैं। इसके अलावा डेबिट व क्रेडिट कार्ड के नंबर और निजी एसएमएस या चैट तक पहुंच होने से इनका इस्तेमाल ब्लैकमेलिंग और अन्य साइबर अपराधों के लिए भी हो सकता है।
कोई संदिग्ध ऐप डाउनलोड न करें: पुलिस महानिदेशक
प्रदेश पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने कहा कि अनजान कॉलर के कहने पर कोई संदिग्ध ऐप डाउनलोड न करें और न ही स्क्रीन शेयर करें। किसी भी तरह की साइबर धोखाधड़ी होने या इसका अंदेशा होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाएं।
