लावारिस बैल के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल
डंगार कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में लावारिस बैलों की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। आए दिन बैलों के हमलों से लोग परेशान हैं। ताजा मामले में घर के नजदीक परसीनो देवी पर अचानक एक बैल ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से लावारिस बैलों की समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है।
लावारिस बैल के हमले में बुजुर्ग महिला की मौत, क्षेत्र में दहशत
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले की उपतहसील भराड़ी के डंगार कस्बे में लावारिस बैल के हमले में एक बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना बुधवार दोपहर की है, जब डंगार निवासी परसीनो देवी घर के नजदीक थीं। इसी दौरान अचानक एक लावारिस बैल ने उन पर हमला कर दिया और पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें नजदीकी निजी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों में लावारिस पशुओं की बढ़ती समस्या को लेकर रोष है।
महिला के पेट, बाजू और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें थीं
महिला के जमीन पर गिरने के बाद आसपास मौजूद अन्य महिलाओं ने बैल को काफी मशक्कत के बाद वहां से खदेड़ा। इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए निजी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। बताया जा रहा है कि हमले में महिला के पेट, बाजू और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक पुलिस में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।
क्षेत्रों में लावारिस बैलों की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही
डंगार व्यापार मंडल के प्रधान संदीप जसवाल ने बताया कि कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में लावारिस बैलों की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। ग्रामीण इस संबंध में पहले ही पंचायत को शिकायत दे चुके थे। पंचायत ने प्रस्ताव पारित कर संबंधित विभाग को भी भेजा था। विभाग की टीम ने लावारिस पशुओं को पकड़ने का प्रयास किया था, लेकिन बैलों को पकड़ने में सफलता नहीं मिली और टीम लौट गई। इसके बाद दोपहर करीब तीन बजे बैल के हमले में बुजुर्ग महिला की जान चली गई।
