Chamba News: हियाड़ में ट्रांसफार्मर के एलटी बॉक्स में भड़की आग

चंबा में बिजली के ट्रांसफार्मर के एलटी बॉक्स में जोरदार धमाके के साथ लगी आग, गांव में मची अफरा-तफरी

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत कुठेड़ बुधौड़ा के हियाड़ गांव में मंगलवार दोपहर बिजली के ट्रांसफार्मर के नीचे लगे एलटी बॉक्स में अचानक धमाके के साथ आग लग गई। घटना दोपहर करीब दो बजे हुई। धमाके की तेज आवाज सुनकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अनहोनी की आशंका से घरों से बाहर निकल आए। देखते ही देखते एलटी बॉक्स से आग की लपटें उठने लगीं और पूरे क्षेत्र में धुआं फैल गया।

घटना के बाद हियाड़ गांव सहित आसपास के कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना बिजली बोर्ड के अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही सहायक अभियंता ने एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद करवा दी और कर्मचारियों को मौके पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

गनीमत रही कि हादसे के समय ट्रांसफार्मर के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि, अचानक हुए धमाके और आग की लपटों से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है।

चंबा के हियाड़ गांव में ट्रांसफार्मर के एलटी बॉक्स में धमाके के बाद बिजली गुल, ग्रामीणों ने जल्द बहाली की मांग की

ग्रामीणों अशोक कुमार, नरेश कुमार, दलीप सिंह, संजीव कुमार, केशव और बलदेव ने बिजली बोर्ड से क्षेत्र में जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि बिजली गुल होने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है।

वहीं, बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता अमीर चंद ने बताया कि एलटी वितरण बॉक्स में केबल शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद तुरंत बिजली आपूर्ति बंद करवा दी गई। लाइन की मरम्मत के लिए बोर्ड कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।

इस विषय से संबंधित:

Toggle Dark Mode