हिमाचल प्रदेश: भोजन मांगने के बहाने घर पहुंचा साधु, 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला की सोने की बालियां गायब

मंडी में 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला के कानों से सोने की बालियां गायब, भोजन मांगने पहुंचे साधु पर चोरी का आरोप

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में चोरी का एक मामला सामने आया है। सरकाघाट पुलिस थाना क्षेत्र की देव ब्राड़ता चौक पंचायत में 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला के कानों से सोने की बालियां गायब हो गईं। मामले में घर पर भोजन मांगने पहुंचे एक साधु पर चोरी का आरोप लगाया गया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना 21 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे की है। उस समय बुजुर्ग महिला चंद्रमू देवी अपने घर में अकेली थीं। हालांकि, उनकी देखभाल के लिए पड़ोस में रहने वाली एक महिला भी घर आई हुई थी। इसी दौरान एक साधु छोटी बच्ची के साथ वहां पहुंचा और बच्ची के लिए भोजन मांगा।

पड़ोसन ने बच्ची को खाना खिलाने की बात कही और भोजन तैयार करने के लिए घर के अंदर चली गई। आरोप है कि इसी दौरान बुजुर्ग महिला के कानों से सोने की बालियां निकाल ली गईं। उस समय महिला को इसकी भनक तक नहीं लगी। भोजन करने के बाद साधु बच्ची के साथ वहां से चला गया।

कुछ देर बाद बुजुर्ग महिला को अपने कानों में बालियां नहीं होने का पता चला। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और संदिग्ध व्यक्ति की तलाश शुरू की, लेकिन तब तक वह वहां से जा चुका था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सीसीटीवी फुटेज में बच्ची के साथ जाता दिखा संदिग्ध

घटना के बाद ग्रामीणों ने आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इस दौरान एक घर में लगे कैमरे की फुटेज में कथित तौर पर साधु छोटी बच्ची के साथ जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद घटना की जानकारी बुजुर्ग महिला के परिजनों को दी गई। घटना के दो दिन बाद बुजुर्ग महिला के बेटे कृष्ण दत्त शर्मा को मामले का पता चला। उन्होंने सरकाघाट पुलिस थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

इस विषय से संबंधित:

Toggle Dark Mode