वाहन पंजीकरण फर्जीवाड़ा: बिलासपुर-सोलन मामले का मुख्य आरोपी गौरव भारद्वाज गिरफ्तार
आरएलए बिलासपुर और सोलन में वाहन पंजीकरण फर्जीवाड़े के मुख्य आरोपी गौरव भारद्वाज को सोलन पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी से बहुचर्चित फर्जीवाड़े मामले की जांच को महत्वपूर्ण बढ़त मिली है और अब पुलिस उससे पूछताछ के जरिए पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है।
आरएलए वाहन पंजीकरण फर्जीवाड़ा: मुख्य आरोपी गौरव भारद्वाज गिरफ्तार
पंजीकरण एवं लाइसेंसिंग प्राधिकरण (आरएलए) बिलासपुर और सोलन में हुए वाहन पंजीकरण फर्जीवाड़े के मुख्य आरोपी गौरव भारद्वाज को सोलन पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले तीन माह से फरार था और उसकी तलाश सोलन पुलिस के साथ-साथ बिलासपुर पुलिस व दिल्ली क्राइम ब्रांच भी कर रही थीं।
बीते सप्ताह दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद पुलिस कार्रवाई तेज हुई। इससे पहले 3 अप्रैल को एक क्लर्क और पांच एजेंटों को गिरफ्तार किया गया था, जो बिलासपुर, मंडी, ऊना और कांगड़ा जिलों से संबंधित हैं।
पुलिस के अनुसार, आरएलए झंडूता में कार्यरत गौरव (32), निवासी पेहड़वीं, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर, इस पूरे फर्जीवाड़े का प्रमुख संचालक था। उसने सोलन आरएलए में फर्जी आईडी तैयार कर पूरे अवैध नेटवर्क को संचालित किया। जांच में सामने आया है कि गौरव ने पांच एजेंट नियुक्त किए थे, जो ग्राहकों को लाने और पैसों की उगाही का काम करते थे। पुलिस पूछताछ में इस मामले से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
जांच में अब तक क्या मिला
अब तक की जांच में पाया गया कि आरएलए सोलन कार्यालय में कार्यरत क्लर्क जितेंद्र ठाकुर की आधिकारिक यूजर आईडी के अतिरिक्त जितेंथा और डॉ. पूनम (एसडीएम) नाम से फर्जी यूजर आईडी तैयार की थीं। इनके माध्यम से वाहन पंजीकरण से संबंधित वेरिफिकेशन एवं अप्रूवल प्रक्रियाएं पूरी की गईं। साक्ष्यों के आधार पर पाया गया कि आरोपी ने आरएलए सोलन के एडमिन क्रेडेंशियल को प्राप्त कर वाहन पोर्टल में अनधिकृत प्रवेश किया। इसके बाद फर्जी यूजर आईडी तैयार की और वाहनों की वेरिफिकेशन एवं अप्रूवल की प्रक्रियाओं को अवैध रूप से निष्पादित किया।
करोड़ों का किया था लेन-देन
जांच में सामने आया है कि तैयार किए एजेंटों राजकुमार, विकास सिंह, जितेंद्र और अनिल के माध्यम से गौरव वाहन मालिकों से पैसे वसूलता था। बदले में वाहन मालिकों के दस्तावेजों में हेराफेरी की जाती थी। इसमें वाहनों का वजन बढ़ाना, ऑनर सीरियल नंबर में परिवर्तन करना, बैंक का नाम हटाना और बिना निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया के पंजीकरण एवं स्वामित्व स्थानांतरण करना शामिल है। गौरव के खातों में विभिन्न व्यक्तियों एवं एजेंटों के माध्यम से करोड़ों का लेनदेन हुआ है।
क्या है मामला
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़े अंतराज्यीय अपराधी नेटवर्क की परतें खोलीं, जो चोरी की लग्जरी गाड़ियों को फर्जी दस्तावेजों के जरिए नई बनाकर बेचने में माहिर था। जांच में इस सिंडिकेट के तार हिमाचल के बिलासपुर आरएलए कार्यालय से जुड़े पाए गए। 9 जनवरी को पहली प्राथमिकी दर्ज हुई। 20 जनवरी को आरएलए बिलासपुर के वरिष्ठ सहायक सुभाष को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी गौरव फरार हो गया। यह नेटवर्क हिमाचल, पंजाब और दिल्ली सहित कई राज्यों में फैला हुआ था। इस रैकेट ने दर्जनों गाड़ियों को फर्जी तरीके से वैध बनाकर बेचा। 26 जनवरी को आरएलए सोलन की अधिकारी डॉ. पूनम बंसल ने पुलिस थाना सदर में एक शिकायत दी कि लिपिक जितेंद्र द्वारा अनेक यूजर आईडी एवं मोबाइल नंबरों का दुरुपयोग करते हुए संदिग्ध गतिविधियां संचालित की गईं।
आएलए सोलन में हुए फर्जीवाड़े में मुख्य आरोपी बिलासपुर के गौरव भारद्वाज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी से पता चलेगा कि फर्जीवाड़ा कहां-कहां हुआ है। प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों एवं संभावित नेटवर्क की पहचान की जा रही है। – टीएसडी वर्मा, पुलिस अधीक्षक सोलन
