Chamba News: चार घंटे बंद रही बिजली, गर्मी में छूटे पसीने

हरदासपुरा में ट्रक से बिजली लाइन क्षतिग्रस्त, चार घंटे बाधित रही आपूर्ति

पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे पर हरदासपुरा के समीप एक ट्रक बिजली के खंभे की तारों में फंस गया, जिससे बिजली लाइनें अव्यवस्थित हो गईं। इस घटना के कारण क्षेत्र में करीब चार घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही।

जानकारी के अनुसार हादसे में शनि देव मंदिर के समीप लगे बिजली पोल को भी नुकसान पहुंचा। बिजली बोर्ड की टीम ने मौके पर पहुंचकर सीढ़ी की सहायता से तारों को जंपर के जरिए अलग-अलग किया और क्षतिग्रस्त पोल को दुरुस्त किया। इसके बाद दोपहर करीब दो बजे बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।

बिजली गुल रहने से मुगला और हरदासपुरा बाजार के दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी के बीच करीब चार घंटे तक बिजली बंद रहने से लोगों के पसीने छूट गए। वहीं सरकारी कार्यालयों और स्कूलों में भी पंखे बंद रहने से कर्मचारियों और बच्चों को गर्मी झेलनी पड़ी।

स्थानीय लोगों शम्मी कुमार, करण कुमार, काका राम, रविंद्र कुमार और मोनू शर्मा ने बताया कि मंगलवार सुबह से ही तेज गर्मी पड़ रही थी। सुबह करीब दस बजे अचानक बिजली चली गई। बाद में पता चला कि एक ट्रक की वजह से बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और पोल को भी नुकसान पहुंचा है।

मई के तीसरे सप्ताह में चंबा में गर्मी का असर बढ़ने लगा है। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे मुख्यालय का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता टीआर ठाकुर ने बताया कि बोर्ड की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लाइनों को दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी है।

इस विषय से संबंधित:

Toggle Dark Mode