Chamba News: सरकारी भूमि पर विवाद, छह लोगों पर एफआईआर दर्ज

चांजू-तीन परियोजना स्थल पर हंगामा, छह लोगों पर मामला दर्ज

चुराह उपमंडल में निर्माणाधीन जल विद्युत परियोजना चांजू-तीन के कार्यस्थल पर काम रुकवाने, कर्मचारियों से गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में एसीएनसी चांजू-तीन परियोजना के एचआर मैनेजर रविंद्र सिंह नेगी (62) निवासी कल्पा, जिला किन्नौर ने बताया कि परियोजना के तहत पॉट हेड यार्ड के बेस निर्माण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान डील राम निवासी बंजवाड़, तहसील चुराह अपने परिवार के सदस्यों के साथ मौके पर पहुंच गया।

शिकायत के अनुसार डील राम के साथ उसकी पत्नी लीलो, चैन लाल, पूजा और खेलगू भी मौजूद थे। आरोप है कि सभी ने मशीनों के आगे बैठकर निर्माण कार्य रुकवा दिया।

शिकायतकर्ता ने बताया कि संबंधित भूमि की प्रशासन द्वारा पहले ही निशानदेही की जा चुकी है तथा मामला एसडीएम कार्यालय तीसा में भी विचाराधीन है। दो बार हुई निशानदेही में भूमि परियोजना क्षेत्र की पाई गई है।

आरोप है कि विरोध कर रहे लोगों ने परियोजना कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य जारी रखा गया तो वे परिवार सहित मौके पर आत्महत्या कर लेंगे।

परियोजना प्रबंधन का दावा है कि काम बंद होने और मशीनें रुकने से करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस विषय से संबंधित:

Toggle Dark Mode