भरमौर-पठानकोट हाईवे पर दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी कार, एक युवक की मौत
मैहला (चंबा)। जिले में वीरवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा भरमौर-पठानकोट हाईवे पर जांघी के पास उस समय पेश आया, जब एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घायल चालक का उपचार मेडिकल कॉलेज चंबा में चल रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार रात करीब ढाई बजे एक कार जांघी क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में पवन कुमार पुत्र जन्नत निवासी उलेणी डाकघर प्रीणा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक बर्फो पुत्र बुधिया निवासी उलेणी डाकघर प्रीणा गंभीर रूप से घायल हो गया।
कार के खाई में गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए घटना की सूचना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही करीब तीन बजे पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। अंधेरे और कठिन परिस्थितियों के बावजूद ग्रामीणों और राहत दल ने मिलकर बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और तुरंत मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया।
मेडिकल कॉलेज में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने जांच के बाद पवन कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल चालक का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।
एसपी विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
वहीं, प्रशासन की ओर से मृतक के परिवार को 25 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में सड़क सुरक्षा उपाय मजबूत करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
