चंबा-तीसा मार्ग पर भूस्खलन, मलबा हटाकर यातायात बहाल
चंबा: भारी बारिश के बीच मंगलवार शाम चंबा-तीसा मुख्य सड़क मार्ग पर रखालू के समीप अचानक भारी भूस्खलन हो गया। भूस्खलन के कारण सड़क पर मलबा और बड़े पत्थर आ गए, जिससे वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए बाधित रही।
घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर मलबा हटाने का अभियान शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद विभाग ने सड़क से मलबा हटाकर मार्ग को दोबारा यातायात के लिए सुचारु कर दिया। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।
चंबा-तीसा मार्ग चुराह की जीवनरेखा, भूस्खलन के बाद जल्द बहाल हुआ यातायात
चंबा: चंबा-तीसा सड़क मार्ग चुराह विधानसभा क्षेत्र की जीवनरेखा माना जाता है। मंगलवार को रखालू के समीप हुए भूस्खलन के कारण मार्ग कुछ समय के लिए बंद हो गया, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, लोक निर्माण विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते सड़क को जल्द ही यातायात के लिए बहाल कर दिया गया।
लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) सुनील कुमार ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण विभिन्न नालों में भारी मात्रा में मलबा आ रहा है, जिससे कई स्थानों पर सड़कें प्रभावित हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि विभाग की मशीनें संवेदनशील स्थानों पर लगातार तैनात हैं और हर संभव प्रयास किया जा रहा है कि किसी भी स्थिति में सड़क को लंबे समय तक बंद न रहने दिया जाए। रखालू के पास हुए भूस्खलन के बाद भी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर मार्ग को शीघ्र यातायात के लिए खोल दिया गया।
