रामपुर के भाजपा नेता कौल सिंह का SC प्रमाणपत्र रद्द, SDM ने तहसीलदार का आदेश भी पलटा
रामपुर के भाजपा नेता कौल सिंह को जारी अनुसूचित जाति (SC) प्रमाणपत्र उपमंडलाधिकारी ने रद्द कर दिया है। एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने मामले में दायर अपील स्वीकार करते हुए प्रमाणपत्र जारी करने संबंधी तहसीलदार के पुराने आदेश को भी निरस्त कर दिया।
रामपुर के भाजपा नेता कौल सिंह का SC प्रमाणपत्र रद्द, तहसीलदार का आदेश भी निरस्त
हिमाचल प्रदेश के रामपुर में भाजपा नेता और विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी रहे कौल सिंह को जारी अनुसूचित जाति (SC) प्रमाणपत्र रद्द कर दिया गया है। रामपुर के तहसीलदार ने 16 अगस्त 2022 को यह प्रमाणपत्र जारी किया था। उपमंडलाधिकारी (नागरिक) एवं अपीलीय प्राधिकारी हर्ष अमरेंद्र सिंह ने मामले में दायर अपील स्वीकार करते हुए तहसीलदार रामपुर के 29 अक्तूबर 2022 के आदेश को भी निरस्त कर दिया। अपीलीय प्राधिकारी ने यह फैसला 12 अक्तूबर को सुनाया।
शिकायतकर्ता ने प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया पर उठाए सवाल
मामले के अनुसार, रामपुर तहसील के मझेवली निवासी प्रीतम देव ने कौल सिंह को जारी अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र को चुनौती दी थी। शिकायतकर्ता ने प्रमाणपत्र जारी करने वाले अधिकारी के अधिकार क्षेत्र, राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज जाति और प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे। अपीलकर्ता की ओर से दलील दी गई कि कौल सिंह और उनके पिता के पास पहले से अनुसूचित जनजाति (ST) के प्रमाणपत्र मौजूद हैं। वहीं, राजस्व रिकॉर्ड में परिवार की जाति का उल्लेख किन्नौरा कोली के रूप में दर्ज है, जबकि हिमाचल प्रदेश की अधिसूचित अनुसूचित जाति सूची में कोली समुदाय का अलग उल्लेख है। इसी आधार पर एक ही व्यक्ति के पास अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति के प्रमाणपत्र होने तथा राजस्व रिकॉर्ड में जाति संबंधी अलग-अलग प्रविष्टियों को लेकर आपत्ति जताई गई थी।
किन्नौर के निवासी को रामपुर से प्रमाणपत्र जारी करने पर सवाल
अपील में यह भी सवाल उठाया गया कि कौल सिंह का स्थायी निवास जिला किन्नौर के ननस्पो में होने के बावजूद रामपुर तहसील से अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र कैसे जारी किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि प्रमाणपत्र जारी करने से पहले किन्नौर के राजस्व रिकॉर्ड और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक सत्यापन नहीं करवाया गया।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद तहसीलदार ने प्रमाणपत्र को माना था वैध
इस मामले में पहले हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में भी याचिका दायर की गई थी। हाईकोर्ट ने 28 अक्तूबर 2022 को तहसीलदार रामपुर को दोनों पक्षों को सुनवाई का अवसर देकर मामले पर दोबारा निर्णय लेने के निर्देश दिए थे। इसके बाद तहसीलदार रामपुर ने 29 अक्तूबर 2022 को आदेश जारी कर पहले से जारी अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र को सही और वैध माना था। इस आदेश से असंतुष्ट प्रीतम देव ने एसडीएम रामपुर के समक्ष अपील दायर की थी।
एसडीएम ने प्रक्रिया और अधिकार क्षेत्र में पाई खामियां
अपील पर सुनवाई के दौरान एसडीएम ने पाया कि प्रमाणपत्र जारी करते समय निर्धारित नियमों और प्रशासनिक निर्देशों का उचित पालन नहीं किया गया। आदेश के अनुसार, संबंधित व्यक्ति के स्थायी निवास, राजस्व रिकॉर्ड और प्रमाणपत्र जारी करने वाले अधिकारी के अधिकार क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की पर्याप्त जांच नहीं हुई थी। इसके अलावा अपीलकर्ता की आपत्तियों पर भी उचित तरीके से विचार नहीं किया गया और सुनवाई की प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं रही।
भू-अभिलेख मैनुअल के प्रावधानों का दिया हवाला
एसडीएम ने अपने आदेश में हिमाचल प्रदेश भू-अभिलेख मैनुअल 1992 का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि जाति प्रमाणपत्र जारी करने का अधिकार संबंधित क्षेत्र के सक्षम राजस्व अधिकारी को ही है। किसी दूसरे जिले के निवासी के संबंध में प्रमाणपत्र जारी करने से पहले उसके स्थायी निवास और संबंधित राजस्व रिकॉर्ड का नियमानुसार सत्यापन करना जरूरी है। इन्हीं आधारों पर एसडीएम ने तहसीलदार रामपुर के 29 अक्तूबर 2022 के आदेश को निरस्त कर दिया और 16 अगस्त 2022 को जारी अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र को आदेश की तारीख से रद्द कर दिया। तहसीलदार रामपुर को प्रमाणपत्र रद्द करने की कार्रवाई संबंधित राजस्व रिकॉर्ड, रजिस्टर और ऑनलाइन पोर्टल में दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
दोबारा आवेदन कर सकते हैं कौल सिंह
एसडीएम के आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि कौल सिंह सक्षम प्राधिकारी के समक्ष दोबारा आवेदन कर सकते हैं। उनके स्थायी निवास और संबंधित राष्ट्रपति आदेश के तहत अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति की पात्रता का निर्धारण जिला किन्नौर के सक्षम प्राधिकारी की ओर से नियमानुसार किया जाएगा। महत्वपूर्ण बात यह है कि एसडीएम का यह आदेश कौल सिंह की जातीय स्थिति का अंतिम निर्धारण नहीं है। फैसला मुख्य रूप से प्रमाणपत्र जारी करने वाले अधिकारी के अधिकार क्षेत्र, आवश्यक सत्यापन और निर्धारित प्रक्रिया के पालन से संबंधित है।
एसडीएम ने की प्रमाणपत्र रद्द करने की पुष्टि
एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि रामपुर तहसीलदार की ओर से कौल सिंह को 16 अगस्त 2022 को जारी अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र को रद्द करने के आदेश दिए गए हैं।
