डोगरा रेजिमेंट ने ताकलिंग दर्रे तक बनाई 15 किलोमीटर सड़क
डोगरा रेजिमेंट की इंजीनियरिंग विंग ने वर्ष 2026 की गर्मियों में ताकलिंग दर्रे के मुहाने तक 15 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण पूरा कर लिया है। करीब 125 किलोमीटर लंबा यह प्रस्तावित मार्ग क्याटो गांव को लद्दाख के चांगथांग क्षेत्र स्थित कोरजोक से जोड़ेगा। इस सड़क के निर्माण से सीमावर्ती क्षेत्रों तक पहुंच आसान होने के साथ क्षेत्र में संपर्क व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
स्पीति को पूर्वी लद्दाख से जोड़ेगा 125 किमी लंबा क्याटो-कोरजोक सामरिक मार्ग
केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी को पूर्वी लद्दाख से जोड़ने वाले क्याटो-कोरजोक मार्ग को सामरिक सड़क परियोजनाओं की सूची में शामिल किया है। करीब 125 किलोमीटर लंबा यह मार्ग क्याटो गांव को लद्दाख के चांगथांग क्षेत्र स्थित कोरजोक से जोड़ेगा। डोगरा रेजिमेंट की इंजीनियरिंग विंग ने वर्ष 2026 की गर्मियों में ताकलिंग दर्रे के मुहाने तक 15 किलोमीटर सड़क का निर्माण पूरा कर लिया है।
एसडीएम काजा दीक्षित राणा के अनुसार, सड़क निर्माण के लिए वन संरक्षण अधिनियम (एफसीए) के तहत मंजूरी की प्रक्रिया जारी है। इस मार्ग के बनने से सेना को लद्दाख पहुंचने के लिए एक नया विकल्प मिलेगा। साथ ही आपात स्थिति में सैन्य वाहनों और रसद की आवाजाही के लिए मौजूदा मार्गों पर निर्भरता कम होगी। परियोजना के तहत ताकलिंग ला में करीब 4.5 किलोमीटर लंबी सुरंग बनाने का भी प्रस्ताव है। इसके निर्माण से यात्रा की दूरी 15 से 20 किलोमीटर तक कम हो सकती है।
16 साल पहले शुरू हुई थी पहल
स्थानीय निवासी छेतन दोरजे के अनुसार, वर्ष 2010 में ग्रामीणों और बीआरओ के सदस्यों ने मार्ग की संभावनाओं का सर्वेक्षण किया था। नवंबर 2022 में उनके पिता ने तत्कालीन लद्दाख सांसद जमयांग छेरिंग नामग्याल के सामने भी यह मांग उठाई थी। प्रस्तावित सड़क से स्पीति, पिन वैली और कोरजोक के बीच पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे त्सो मोरीरी झील तक पहुंच का नया विकल्प मिलेगा।
