हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3 किलो 462 ग्राम चरस बरामद की है। यह कार्रवाई चिंतपूर्णी थाना क्षेत्र के भरवाईं में की गई। पुलिस ने मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरा व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। अदालत ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
गुप्त सूचना पर भरवाईं में लगाया गया नाका
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर की रात एसआईयू ऊना की टीम इंस्पेक्टर रिंकू के नेतृत्व में क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि मुबारिकपुर से भरवाईं की तरफ आ रही लाल रंग की बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल पर तीन व्यक्ति सवार हैं और उनके पास चरस की खेप मौजूद है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने भरवाईं स्थित शिव मंदिर के समीप नाकाबंदी कर दी। रात करीब 11:10 बजे संदिग्ध मोटरसाइकिल मौके पर पहुंची। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देखकर तीसरा व्यक्ति हुआ फरार
मोटरसाइकिल को रोकने के दौरान पीछे बैठे एक व्यक्ति ने ढलान की तरफ छलांग लगा दी और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल पर सवार अन्य दो युवकों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 3 किलो 462 ग्राम चरस और एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर नशीले पदार्थ और अन्य सामान को कब्जे में ले लिया।
दोनों आरोपी पुलिस रिमांड पर, फरार व्यक्ति की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंद्रमोहन शर्मा (35) निवासी मरवाड़ी और राहुल भटोल (23) निवासी बबेहड़, तहसील घनारी, जिला ऊना के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब फरार तीसरे व्यक्ति की पहचान और तलाश के साथ बरामद चरस के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
