हिमाचल में प्री-मानसून की दस्तक: झमाझम बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ से जनजीवन प्रभावित; आज इन जिलों के लिए अलर्ट

हिमाचल में प्री-मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित

हिमाचल प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा और सिरमौर समेत कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज अंधड़ के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है।

मंडी जिले में स्थित पंडोह डैम का जलस्तर बढ़ने के बाद बीबीएमबी (भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड) ने ब्यास नदी में अतिरिक्त पानी छोड़े जाने की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील की है।

इस बीच, मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

हिमाचल में प्री-मानसून की दस्तक, कई जिलों में झमाझम बारिश

हिमाचल प्रदेश में प्री-मानसून की बौछारें शुरू हो गई हैं और मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 25 जून तक मानसून के प्रवेश करने की संभावना है।

कुल्लू, सोलन, सिरमौर, मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर और चंबा जिलों के कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। वहीं राजधानी शिमला में रात करीब आठ बजे के बाद गरज-चमक और तेज अंधड़ के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया, जिससे मौसम सुहावना हो गया।

मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

बारिश से बढ़ी मुश्किलें, चंबा में 20 भेड़-बकरियां मलबे में दबीं, ब्यास नदी में अतिरिक्त पानी छोड़ने की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश में प्री-मानसून की बारिश के बीच कई क्षेत्रों में नुकसान की खबरें सामने आई हैं। चंबा जिले के रजेरा क्षेत्र स्थित गढ़ नाला में जलस्तर बढ़ने से करीब 20 भेड़-बकरियां मलबे में दब गईं।

वहीं, भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर भरमौर के सरेंई नाला में मलबा आने से एक कार के टायर मिट्टी में धंस गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।

इधर, पंडोह बांध के जलस्तर में लगातार वृद्धि और बढ़ते जल प्रवाह को देखते हुए भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) ने ब्यास नदी में नियंत्रित तरीके से 3,000 क्यूसिक तक अतिरिक्त पानी छोड़ने की चेतावनी जारी की है। यह पानी वीरवार रात या शुक्रवार सुबह तक छोड़ा जा सकता है।

बीबीएमबी के अनुसार, अतिरिक्त पानी छोड़े जाने के बाद ब्यास नदी के निचले इलाकों में जलस्तर दो से तीन मीटर तक बढ़ सकता है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और पर्यटकों से सतर्क रहने तथा नदी के पास न जाने की अपील की है।

हिमाचल में मौसम के बदले तेवर, रोहतांग में बर्फबारी और कई जिलों में ओलावृष्टि

हिमाचल प्रदेश में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि मैदानी और मध्य पर्वतीय जिलों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है।

रोहतांग दर्रे में ताजा बर्फबारी होने से जून माह में भी सर्दी का अहसास हो रहा है। वहीं, रामपुर उपमंडल के नोगली और कुल्लू जिले के नित्थर क्षेत्र में भारी ओलावृष्टि दर्ज की गई। ओलों की मार से फलों और सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

चंबा में तेज अंधड़ के साथ बारिश हुई, जबकि धर्मशाला और पालमपुर में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने जनजीवन प्रभावित किया। कुछ क्षेत्रों में बारिश के बाद तेज धूप निकलने से लोगों को उमस का सामना भी करना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

आज कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में अंधड़-बारिश का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शुक्रवार को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए बारिश, तेज अंधड़ और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण 17 जून तक प्रदेश में मौसम खराब बना रह सकता है। एक ओर रोहतांग और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जहां ठंडक बढ़ी है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। ऊना सहित निचले क्षेत्रों में दिन के समय गर्म हवाओं और उमस ने लोगों को परेशान किया, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम सुहावना बना रहा। 

कहां कितना अधिकतम पारा

स्थानतापमान
ऊना44.0
नेरी38.7
मंडी37.2
कांगड़ा37.0
सुंदरनगर36.8
भुंतर36.0
बरठीं35.8
सोलन34.0
धर्मशाला34.0
नाहन32.8
शिमला28.0
मनाली27.5

इस विषय से संबंधित:

Toggle Dark Mode