Chamba News: एक हफ्ते में दो बार बढ़ गए पेट्रोल-डीजल के दाम

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने टैक्सी और निजी बस ऑपरेटरों की परेशानी बढ़ा दी है। बढ़ती तेल कीमतों का असर अब आम लोगों की जेब पर भी पड़ने लगा है।

टैक्सी और वाहन चालकों मनोज, विनोद, नीरज, कमल, रोशन, रवि, कुशल और विरेंद्र ने कहा कि कुछ दिन पहले ही सरकार ने पेट्रोल-डीजल के दामों में 2.95 रुपये की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद दो दिनों के भीतर ही 85 पैसे और बढ़ा दिए गए। ऐसे में एक सप्ताह के भीतर पेट्रोल की कीमतों में कुल 3.80 रुपये की वृद्धि हो चुकी है।

चालकों का कहना है कि लगातार बढ़ रहे दामों से परिवहन कारोबार चलाना मुश्किल हो गया है। एक सप्ताह पहले पेट्रोल 95.38 रुपये प्रति लीटर मिल रहा था, जो अब बढ़कर 99.18 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं डीजल के दाम 87.43 रुपये से बढ़कर 91.15 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं।

इसके अलावा प्रीमियम पेट्रोल की कीमत भी 104.63 रुपये से बढ़कर 108.43 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। इस तरह एक सप्ताह में पेट्रोल में 3.80 रुपये और डीजल में 3.72 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

ऑपरेटरों का कहना है कि बढ़ी हुई कीमतों का पूरा बोझ उन पर पड़ रहा है। अब उनके सामने किराया बढ़ाने या घाटे में काम करने की स्थिति बन गई है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि यदि तेल के दाम बढ़ाए गए हैं तो परिवहन किराये में बढ़ोतरी को लेकर भी स्पष्ट आदेश जारी किए जाएं, ताकि उन्हें राहत मिल सके।

इस विषय से संबंधित:

Toggle Dark Mode