पौंग झील में डूबने से युवक की मौत, जालंधर से घूमने आया था पर्यटक
फतेहपुर (कांगड़ा)। जिला कांगड़ा की प्रसिद्ध पौंग झील रविवार को एक पर्यटक युवक के लिए काल साबित हुई। जालंधर से दोस्तों के साथ घूमने आए 23 वर्षीय युवक की झील में नहाते समय डूबने से दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पौंग झील हादसा: नहाने उतरे जालंधर के युवक की डूबने से मौत
जानकारी के अनुसार जालंधर के चोगीठी चौक निवासी 23 वर्षीय लवप्रीत, पुत्र संतोख कुमार, रविवार को अपने दोस्तों के साथ कांगड़ा घूमने आया था। दोपहर के समय सभी दोस्त खटियाड़ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी क्षेत्रीय जल क्रीड़ा केंद्र के पास वाटर स्पोर्ट्स एरिया में पहुंचे, जहां इस दौरान लवप्रीत झील में नहाने के लिए उतर गया।
पौंग झील हादसा: गहरे पानी में डूबने से युवक की मौत, पुलिस ने किया रेस्क्यू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नहाते समय युवक अचानक संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में चला गया। दोस्तों के देखते ही देखते वह तेज लहरों के बीच ओझल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही फतेहपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवक के शव को पानी से बाहर निकाला। घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए पर्यटकों और स्थानीय लोगों से गहरे पानी के पास न जाने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की सख्त अपील की है।
झील किनारे मिला सप्ताह से लापता बुजुर्ग का शव
बरियाल (कांगड़ा)। पौंग झील किनारे रविवार को एक और दुखद मंजर देखने को मिला, जहां पिछले एक सप्ताह से लापता सुकनाडा निवासी जयकरण (74) का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। जयकरण 25 अप्रैल से घर से लापता थे, जिसकी रिपोर्ट उनके भतीजे ने 27 अप्रैल को नगरोटा सूरियां पुलिस चौकी में दर्ज कराई थी। शनिवार को मछुआरों ने शव को झील किनारे खाली जमीन पर देखा। आशंका जताई जा रही है कि शव को जंगली जानवरों ने नुकसान पहुंचाया है। एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा। बुजुर्ग का अंतिम संस्कार रविवार को पैतृक गांव में कर दिया गया। संवाद
