आईपीएल 2026: बीसीसीआई ने 19वें सीजन का दूसरा शेड्यूल जारी किया
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन के लिए दूसरा शेड्यूल जारी कर दिया है।
नए शेड्यूल के तहत आगामी मुकाबलों की तारीखें, समय और वेन्यू तय कर दिए गए हैं, जिससे टीमों और दर्शकों को आगे के मैचों की स्पष्ट जानकारी मिल गई है।
बीसीसीआई द्वारा जारी इस शेड्यूल के बाद अब आईपीएल के शेष मुकाबले निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार खेले जाएंगे।
आईपीएल 2026: धर्मशाला को मिले तीन मुकाबले, 11 मई से होगा रोमांच शुरू
धौलाधार की खूबसूरत वादियों में बसे धर्मशाला को इस बार आईपीएल 2026 के तीन अहम मुकाबलों की मेजबानी मिली है। गुरुवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने 19वें सीजन का दूसरा शेड्यूल जारी किया।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में 11, 14 और 17 मई को तीन मैच खेले जाएंगे। पंजाब किंग्स अपने दूसरे होम ग्राउंड धर्मशाला में मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ मुकाबला करेगी।
शेड्यूल के मुताबिक, धर्मशाला में पहला मैच 11 मई को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच शाम 7:30 बजे खेला जाएगा। इसके बाद 14 और 17 मई को भी दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
आईपीएल 2026: धर्मशाला में 14 और 17 मई को भी रोमांच, पंजाब किंग्स खेलेगी अहम मुकाबले
आईपीएल 2026 में धर्मशाला क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बार फिर रोमांच का केंद्र बनने जा रहा है। यहां 11 मई के अलावा 14 और 17 मई को भी महत्वपूर्ण मुकाबले खेले जाएंगे।
शेड्यूल के अनुसार, 14 मई को पंजाब किंग्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा, जो शाम 7:30 बजे शुरू होगा। वहीं, पंजाब किंग्स अपना तीसरा और अंतिम लीग मैच 17 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ खेलेगी, जो दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा।
ये तीनों मुकाबले सीजन के अंतिम लीग मैच होंगे, जिनमें हर टीम नॉकआउट में जगह बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक देगी। धर्मशाला की तेज पिच पर खेले जाने वाले ये मैच पंजाब किंग्स के साथ-साथ अन्य टीमों के लिए भी बेहद अहम साबित होंगे।
इसके अलावा, धर्मशाला में 14 जून को भारत और अफगानिस्तान के बीच एक वनडे मैच भी खेला जाएगा। हालांकि, उससे पहले आईपीएल के तीन मुकाबले मिलने से क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। धर्मशाला में आईपीएल का रोमांच हमेशा चरम पर रहता है और दर्शक इन मैचों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
अब तक 14 मैचों का सफल आयोजन
धर्मशाला स्टेडियम में अब तक आईपीएल के 14 मैचों का सफल आयोजन हो चुका है। पिछले साल धर्मशाला को भी तीन मैच मिले थे, लेकिन भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के चलते एक मैच बीच में ही रोकना पड़ा था और बाद में इसे दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया था।
