Himachal: शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर आग के हवाले किया लड़की का घर, बाल-बाल बची परिवार की जान, आरोपी गिरफ्तार

आग से घर में रखा काफी सामान जल गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी युवक की कार को भी कब्जे में लिया गया है। रविवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है।

उपतहसील नित्थर की कुठेड़ पंचायत के कटाहर गांव में शादी का प्रस्ताव ठुकराने के बाद लड़की के घर को आग लगाने वाला युवक पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गनीमत रही कि पड़ोसियों की सतर्कता के कारण परिवार के सदस्य समय रहते बाहर निकल आए। आग से घर में रखा काफी सामान जल गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी युवक की कार को भी कब्जे में लिया गया है। रविवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है।

पुलिस में दर्ज बयान के अनुसार शुक्रवार रात करीब 10:00 बजे राजेश कुमार अपनी पत्नी और बेटी के साथ भोजन करने के बाद सो गए थे। करीब 10:30 बजे अचानक घर की बाहरी दीवारों से आग की लपटें उठने लगीं। इसी बीच पड़ोस में रहने वाली महिला ने आग की लपटें देखीं और चिल्लाना शुरू किया। आवाज सुनकर राजेश और उनका परिवार नींद से जागा और आनन-फानन में घर से बाहर निकला। 

शोर सुनकर ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए और सभी ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों की सूझबूझ और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी कार में बैठकर मौके से फरार हो गया। आग से पुराने मकान में रखी गई कीमती देवदार की लकड़ी जल गई। एक कमरे में रखी सेब की जालियां, प्लास्टिक के किल्टे, ईंधन की लकड़ी और घर के बिजली के मीटर के तार पूरी तरह जल गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी लूहरी की टीम मौके पर पहुंची।

उधर, राजेश कुमार ने पुलिस को बताया कि पंकज शर्मा नामक युवक उनकी बेटी से शादी करने का दबाव बना रहा था। जब परिवार ने इस रिश्ते से इन्कार कर दिया, तो उसने दो दिन पहले दूरभाष के माध्यम से धमकी दी। आरोपी ने साफ शब्दों में कहा था कि यदि उसकी शादी बेटी से नहीं करवाई गई, तो वह पूरे परिवार को घर के अंदर ही आग लगाकर राख कर देगा। शुक्रवार की रात उसने अपनी इस खौफनाक धमकी को अंजाम दे डाला। उधर, पुलिस ने शिकायत मिलने पर युवक की तलाश शुरू की। आरोपी युवक को लूहरी चौक से कार सहित पकड़ा गया। एसपी कुल्लू मदन लाल ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।



पिछला लेख
अब होगी असली परीक्षा: अभिषेक की खराब फॉर्म से बढ़ी चिंता, तिलक का स्ट्राइक रेट कर रहा परेशान; गलती पड़ेगी भारी
अगला लेख
Shimla: हिमाचल सदन में महिला के कमरे में पहुंची दिल्ली पुलिस, विरोध करने पर वापस लौटी, विधायक ने उठाई ये मांग

इस विषय से संबंधित:

Toggle Dark Mode