Shimla Car Accident: हिमाचल प्रदेश के शिमला के संजौली में एक कार ने दूसरी कार को टक्कर मार दी, जिससे बच्चे की मौत हो गई. हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.
शिमला. हिमाचल प्रदेस के शिमला के संजौली में एक क्रेटा गाड़ी ने तीन साल के बच्चे को रौंद दिया, जिससे बच्चे की मौत हो गई. दर्दनाक हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार आईजीएमसी अस्पताल में चल रहा है. उधर, मासूम बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. संजौली पुलिस थाने की टीम मामले की जांच कर रही है.
जानकारी के अनुसार, शिमला के संजौली के चलौंठी में रविवार दोपहर को यह हादसा पेश आया. ढली की ओर से एक कार बाइपास होते हुए संजौली की तरफ आ रही थी. इस दौरान तेज रफ्तार क्रेटा कार चलौंटी में सड़क किनारे पार्क एक कार से टकरा गई. उत्तराखंड के नंबर वाली कार में सड़क किनारे पार्क थी और इसमें तीन लोग सवार थे.
बताया जा रहा है कि कार की टक्कर की काफी जोरदार थी और इस वजह से छोटे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई. उधर, घटना में छह वर्षीय बच्ची की टांग में चोट लगी है और 20 वर्षीय युवक भी घायल हुआ है. बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुआ परिवार मूल रूप से उत्तराखंड के उत्तरकाशी का रहने वाला है, लेकिन शिमला के नेरवा में रहता है.
