विवाहिता की मौत
विवाहिता की मां ने बेटी की मौत के लिए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप जड़े हैं। मृतका की मां का कहना है कि उसे आशंका है कि उसकी बेटी की मौत के पीछे उसके ससुराल वालों का हाथ है।यह मामला चंबा जिले के सिहुंता पुलिस थाना से सामने आया है। मृतका की मां रीना ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी मीनाक्षी (23) की शादी को लगभग अढ़ाई साल पहले हुई थी। उन्होंने बहुत खुशी-खुशी अपनी लाडली बेटी की शादी की थी। मगर शादी के बाद से ही उसे ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था। कुछ महीने पहले मीनाक्षी घर (मायके) आई थी तो उन्होंने उसके शरीर पर मारपीट के निशान भी देखे थे।
ससुराल वालों की वजह से हुई मौत
मां और मायके पक्ष का आरोप है कि बीते कल भी मीनाक्षी को ससुराल वालों ने प्रताड़ित किया होगा- जिस कारण उसकी मौत हो गई है। मीनाक्षी के मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।बताया जा रहा है कि मीनाक्षी को गंभीर हालत में पहले उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया था। जहां पर मौजूद डॉक्टरों ने उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इसी बीच पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। मगर मीनाक्षी पुलिस को बयान देने की हालत में नहीं थी। मीनाक्षी ने उपचार के दौरान टांडा अस्पताल में दम तोड़ दिया।
उधर, मायके पक्ष के आरोपों के आधार पर पुलिस टीम ने विभिन्न धाराओं के तहत ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मीनाक्षी की मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा।