Una News: मातृ-शिशु अस्पताल में शुरू नहीं हो पाई ऑपरेशन थियेटर की सुविधा

क्षेत्रीय अस्पताल में बने ऑपरेशन थियेटर में हो रहे गर्भवती महिलाओं के ऑपरेशन
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। मातृ-शिशु अस्पताल में अब तक ऑपरेशन थियेटर (ओटी) की सुविधा शुरू नहीं हो पाई है। ऑपरेशन से संबंधित आवश्यक उपकरण उपलब्ध न होने के कारण ओटी संचालन में देरी हो रही है। वर्तमान में गर्भवती महिलाओं से जुड़े सभी ऑपरेशन क्षेत्रीय अस्पताल की ओटी में किए जा रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से आवश्यक उपकरण उपलब्ध करवाने को लेकर उच्च अधिकारियों को मांग पत्र भेजा जा चुका है। इस मांग को भेजे हुए दो माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक उपकरण मुहैया नहीं करवाए गए हैं। इसके चलते मरीजों और उनके तीमारदारों को क्षेत्रीय अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मातृ-शिशु अस्पताल में फिलहाल कई स्वास्थ्य सेवाएं संचालित की जा रही हैं। गायनी ओपीडी और गायनी वार्ड अस्पताल भवन में ही चल रहे हैं, लेकिन ऑपरेशन के लिए मरीजों को क्षेत्रीय अस्पताल जाना मजबूरी बना हुआ है। इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों में भी रोष देखने को मिल रहा है।

बॉक्स
सरकार को इस समस्या का शीघ्र समाधान करना चाहिए। गर्भवती महिलाओं और उनके तीमारदारों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जब सरकार ने अलग से मातृ-शिशु अस्पताल की सुविधा दी है तो उसमें ऑपरेशन थियेटर की व्यवस्था भी पूरी होनी चाहिए। -स्थानीय निवासी आरती शर्मा
सरकार ने करोड़ों रुपये खर्च कर मातृ-शिशु अस्पताल का निर्माण किया है। इतना बड़ा भवन बनाने के साथ-साथ उसमें सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जानी चाहिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। -स्थानीय निवासी ज्योति शर्मा
कोट
मातृ-शिशु अस्पताल में ओटी शुरू करने के लिए आवश्यक उपकरण मुहैया करवाने की मांग उच्च अधिकारियों के समक्ष रखी गई है। उम्मीद है कि जल्द ही उपकरण उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। -डॉ. संजय मनकोटिया, चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल ऊना

पिछला लेख
Bulandshahr Encounter: 6 साल की बच्ची से रेप आरोपियों का एनकाउंटर! यूपी पुलिस ने…
अगला लेख
Himachal: छात्रा माैत मामले पर सीएम सुक्खू का एक्शन, आरोपी प्रोफेसर निलंबित, महिला आयोग ने मांगी रिपोर्ट

इस विषय से संबंधित:

Toggle Dark Mode