चिट्टा विरोधी अभियान के तहत मुख्यमंत्री सुक्खू की अगुवाई में मेगा वॉकथॉन आयोजित
सरकार के चिट्टा विरोधी अभियान के अंतर्गत मंगलवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अगुवाई में मेगा वॉकथॉन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान में शिमला और धर्मशाला के बाद मंगलवार को हमीरपुर में मेगा वॉकथॉन हुई। भारी संख्या में मौजूद लोगों के बीच मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दो किलोमीटर तक प्रतिभागियों का हाथ थामते हुए वॉकथॉन की अगुवाई की और नशे के खिलाफ संदेश दिया।
बाल स्कूल हमीरपुर मैदान में साढ़े दस बजे पहुंचे मुख्यमंत्री ने बच्चों और युवाओं को चिट्टे के खिलाफ शपथ दिलाई। इसके बाद गांधी चौक, मुख्य बाजार और भोटा चौक से होती हुई वॉकथॉन पुलिस लाइन मैदान दोसड़का तक गई। भारी भीड़ के कारण यह दूरी तय करने में दो घंटे से अधिक का समय लगा। पुलिस लाइन मैदान में जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे के विरुद्ध समाज को जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल के भविष्य को नशे से बचाना सरकार और समाज की साझा जिम्मेदारी है।
ईवी से दिया ग्रीन हिमाचल का संदेश
एनआईटी हेलीपैड पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री डीसी हमीरपुर को उपलब्ध कराई गई इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) में सवार होकर सर्किट हाउस और बाल स्कूल मैदान पहुंचे। उन्होंने डीसी कार्यालय सहित अन्य विभागों की सरकारी गाड़ियों को चरणबद्ध तरीके से ईवी में बदलने के निर्देश दिए। इस दौरान तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू, विधायक सुरेश कुमार और कैप्टन रणजीत सिंह, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, मुख्य सचिव संजय गुप्ता, डीजीपी अशोक तिवारी, उपायुक्त अमरजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह उपस्थित रहे।
