Chamba News: अफवाह निकली चंबा न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरी मेल

सुबह 11:45 बजे जैसे ही धमकी भरी मेल की सूचना मिली, सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल, क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम), बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड तुरंत न्यायालय परिसर पहुंची। दोपहर 12:00 बजे तक पूरे परिसर को खाली करवा लिया गया। अधिवक्ताओं, अधिकारी-कर्मचारियों और आम नागरिकों को शांतिपूर्वक बाहर निकाला गया और परिसर को पूरी तरह सील कर तलाशी शुरू की गई।

हर कमरे और दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद थाना प्रभारी ने मुख्य कानूनी सहायता पक्ष के वकील डी.पी. मल्होत्रा और जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मदन रावत को स्थिति से अवगत कराया।

मुख्य अधिवक्ता डी.पी. मल्होत्रा ने मीडिया को बताया कि यह धमकी महज एक अफवाह थी और किसी भी प्रकार का विस्फोटक नहीं मिला। 12:45 बजे के बाद मेटल डिटेक्टर से जांच कर ही लोगों को न्यायालय में प्रवेश दिया गया।

इस पूरी घटना के दौरान शहर के चौगान मैदान में सीटू के बैनर तले महिलाएं और युवा अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, जिन्हें न्यायालय परिसर की स्थिति की जानकारी नहीं थी।

चंबा न्यायालय परिसर सील, तीसा कोर्ट को भी मिली धमकी

सिर्फ चंबा जिला न्यायालय ही नहीं, बल्कि इसके बाद न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी, तीसा (जेएमएफसी) को भी बम से उड़ाने की धमकी भरी मेल प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी तीसा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तीसा न्यायालय को तुरंत खाली करवाकर गहन तलाशी ली गई, लेकिन वहां भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। स्थिति सामान्य होने के बाद अदालत की कार्यवाही दोबारा शुरू कर दी गई।

एसपी चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि इससे पहले डीसी कार्यालय को भी बम से उड़ाने की धमकी भरी मेल प्राप्त हुई थी, जिसके बाद चंबा और शिमला की साइबर सेल टीमें मेल भेजने वाले की तलाश में जुटी हैं। अब एक बार फिर धमकी भरी मेल सामने आने पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

पिछला लेख
बेंगलुरु में कचरा ट्रक में बुरी हालत में मिला महिला का शव, रेप के बाद हत्या की आशंका
अगला लेख
चंबा में पासपोर्ट सेवा शुरू, 365 किलोमीटर की दूरी से मिली राहत

इस विषय से संबंधित:

Toggle Dark Mode