शराब मुक्त शादी को बढ़ावा देने की मुहिम ला रही रंग, पूर्व सैनिक दलीप सिंह ने परिवार को दिए 11 हजार रुपये
हिमाचल प्रदेश में शराब मुक्त शादियों को बढ़ावा देने के लिए पूर्व सैनिक दलीप सिंह की ओर से चलाई जा रही मुहिम अब रंग लाने लगी है। उनकी इस पहल से प्रेरित होकर लोग विवाह समारोहों को नशामुक्त बनाने के लिए आगे आ रहे हैं।
इसी कड़ी में खजूर गांव में पल्लवी की शादी बिना शराब के संपन्न हुई। इस सराहनीय पहल से खुश होकर पूर्व सैनिक दलीप सिंह ने आयोजक परिवार को 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भेंट की। उनकी इस पहल का उद्देश्य समाज में नशामुक्त विवाह समारोहों को प्रोत्साहित करना और लोगों को शराब से दूर रहने के लिए जागरूक करना है।
शराब मुक्त शादी करने पर परिवार को मिले 11 हजार रुपये, पूर्व सैनिक दलीप सिंह की मुहिम ला रही रंग
शादियों में शराब परोसने की बढ़ती परंपरा के बीच हिमाचल प्रदेश में नशामुक्त विवाह समारोहों को बढ़ावा देने के लिए एक पूर्व सैनिक ने अनूठी पहल शुरू की है। पंचायत समिति चौंतड़ा के वार्ड नंबर-9 टिकरू से सदस्य एवं पूर्व सैनिक दलीप सिंह की यह मुहिम अब रंग लाने लगी है। वह शराब मुक्त शादी करने वाले परिवारों को अपनी सैन्य पेंशन से 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित कर रहे हैं।
इसी कड़ी में बीती 25 नवंबर की रात क्षेत्र के खजूर गांव में पल्लवी की शादी बिना शराब परोसे संपन्न हुई। परिवार की इस सराहनीय पहल से खुश होकर दलीप सिंह ने अपने संकल्प के मुताबिक आयोजक परिवार को 11 हजार रुपये की राशि शगुन के तौर पर भेंट की। उनकी इस पहल का उद्देश्य समाज में नशामुक्त विवाह की परंपरा को बढ़ावा देना और लोगों को शादियों में शराब परोसने से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है।
ग्राम सभा में किया था 11 हजार रुपये देने का एलान
दलीप सिंह ने अगस्त माह में ग्राम पंचायत मैण भरोला की ग्राम सभा में घोषणा की थी कि यदि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार अपनी बेटियों की शादी बिना शराब के करते हैं तो वह अपनी सैन्य पेंशन से उन्हें 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देंगे। इससे पहले भी एक परिवार ने बिना शराब के शादी संपन्न करवाई थी, लेकिन उस परिवार ने सम्मानस्वरूप राशि लेने से इनकार कर दिया था। अब खजूर गांव में दूसरी ऐसी शादी के आयोजन के साथ उनकी मुहिम को प्रोत्साहन मिला है।
शादियों में शराब गरीब परिवारों पर डालती है आर्थिक बोझ
सेवा भारती से जुड़े दलीप सिंह का कहना है कि शादियों में शराब परोसने का चलन नशे को बढ़ावा देने के साथ गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ भी डालता है। उनका प्रयास है कि लोग शादी-विवाह जैसे मांगलिक अवसरों को नशामुक्त तरीके से मनाएं और समाज में सकारात्मक संदेश दें।
बीडीसी मानदेय भी जरूरतमंदों की सेवा में करेंगे समर्पित
उल्लेखनीय है कि रोपड़ी क्लैहडू, मैण भरोला और टिकरू पंचायतों का प्रतिनिधित्व करने वाले दलीप सिंह ने अपने पांच साल के बीडीसी मानदेय को भी जरूरतमंदों की सेवा में समर्पित करने का संकल्प लिया है। उनकी यह पहल क्षेत्र में शराब मुक्त शादियों को बढ़ावा देने के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दे रही है।
