धर्मशाला में होगा खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान का भव्य आयोजन, 500 से अधिक ड्रोन से दिया जाएगा नशामुक्ति का संदेश
हिमाचल प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने के उद्देश्य से धर्मशाला में खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान का भव्य आयोजन प्रस्तावित है। कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में 500 से अधिक ड्रोन के माध्यम से आसमान में नशामुक्त हिमाचल का संदेश प्रदर्शित किया जाएगा।
आयोजन के दौरान लेजर शो, हिमाचल की लोक संस्कृति की झलक और मशाल यात्रा भी मुख्य आकर्षण होंगे। इस पहल के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
धर्मशाला में खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान का भव्य आगाज, 500 से अधिक ड्रोन से आसमान में दिखेगा नशामुक्त हिमाचल का संदेश
हिमाचल प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को नशे के खिलाफ एकजुट करने के उद्देश्य से धर्मशाला के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दिसंबर के तीसरे सप्ताह में खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान का भव्य आगाज प्रस्तावित है। इस आयोजन में खेलों के रोमांच के साथ आधुनिक तकनीक और प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। समारोह में करीब 20 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था प्रस्तावित है।
उद्घाटन समारोह का मुख्य आकर्षण 500 से अधिक ड्रोन का लाइट शो होगा। इसके तहत ड्रोन आसमान में रंग-बिरंगी रोशनी से कम से कम 15 आकर्षक आकृतियां बनाएंगे। इनके माध्यम से खेलो हिमाचल और चिट्टा मुक्त हिमाचल का संदेश दिया जाएगा। यह शो कम से कम 15 मिनट तक चलेगा। रात के समय आसमान में एक साथ जगमगाते सैकड़ों ड्रोन दर्शकों के लिए खास आकर्षण होंगे।
समारोह को यादगार बनाने के लिए 20 से 25 मिनट के लेजर शो की भी योजना है। इसमें संगीत की धुनों के साथ रंग-बिरंगी लेजर किरणों का शानदार तालमेल देखने को मिलेगा। इसके अलावा हिमाचल के पारंपरिक लोक नृत्य, लोक कलाएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजन का हिस्सा होंगी।
कार्यक्रम में टॉर्च रिले यानी मशाल यात्रा भी प्रस्तावित है। यह यात्रा खेल भावना, एकता और नशे के खिलाफ सामूहिक संकल्प का प्रतीक बनेगी। सरकार की इस पहल का उद्देश्य प्रदेश को नशामुक्त बनाने के साथ युवाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।
कम शोर वाली आतिशबाजी से होगा कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम के अंतिम चरण में कम शोर वाली आतिशबाजी और ग्राउंड फायरवर्क्स की व्यवस्था प्रस्तावित है। पर्यावरण और ध्वनि प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए इस तरह की आतिशबाजी की योजना बनाई गई है। बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम लिमिटेड की ओर से आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए कंपनियों से टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए अनुभवी इवेंट मैनेजमेंट एजेंसी की सेवाएं लेने की योजना है।
