चम्बा शहर में एक युवती पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। घायल युवती हरदासपुरा मोहल्ले की रहने वाली है और कॉलेज में पढ़ाई कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक शहर के एक सैलून में काम करता है और पंजाब का निवासी है। शनिवार को जब युवती कॉलेज गई, तो युवक भी वहां पहुंच गया और उसे परेशान करने लगा। इसके बाद युवती शिकायत दर्ज करवाने के लिए महिला थाने की ओर गई।
बताया जा रहा है कि जब वह बारगाह स्थित महिला थाने से कुछ दूरी पर थी, तभी आरोपी वहां पहुंचा और युवती पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में युवती की गर्दन पर गंभीर चोट आई। हालांकि, उसने किसी तरह आरोपी के चंगुल से खुद को छुड़ाकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर की टीम, थाना प्रभारी एसएचओ सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल घायल युवती का उपचार मेडिकल कॉलेज चम्बा में चल रहा है। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
