कुल्लू। मंडी महाशिवरात्रि उत्सव के बाद देवता खुडीजल अपने देवालय की ओर लौट रहे हैं। देवता के आगमन से भक्तों में उत्साह को माहौल बना हुआ है। रास्ते में श्रद्धालु देउली आयोजित कर देवता को अपने घरों बुला रहे हैं। अब तक छह से अधिक लोग देवता की मेहमान नवाजी कर चुके हैं।
मंगलवार को देवता अपने पूरे लाव-लश्कर के साथ मंडी जिले के थुनाग पहुंचे, जहां भक्तों ने भव्य स्वागत किया। देवता के कारदार शेर सिंह और पुजारी पूर्ण शर्मा ने बताया कि श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति पर देउली का आयोजन कर रहे हैं, जिससे यात्रा में अभी तीन से चार दिन और लग सकते हैं। देवता के दर्शन और आशीर्वाद लेने के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। अभी भी कई स्थानों पर देउली रखी गई है, जिससे यात्रा और आगे बढ़ेगी। 15 मार्च तक देवता के अपने देवालय पहुंचने की संभावना है।