दोपहर बाद श्रद्धालुओं की लाइनें पुराने बस स्टैंड तक पहुंची
मां चिंतपूर्णी मंदिर में 10 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, मौसम का दिखा असर
चिंतपूर्णी (ऊना)। विश्व प्रसिद्ध मां चिंतपूर्णी मंदिर में रविवार को करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाकर पूजा-अर्चना की। सुबह और दोपहर तक श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत कम रही, जिससे दर्शन के लिए लंबी कतारें नहीं लगीं। हालांकि दोपहर बाद श्रद्धालुओं की आमद बढ़ी और कतारें पुराने बस स्टैंड तक पहुंच गईं।
ठंड के मौसम और मैदानी इलाकों में छाई धुंध के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में कमी दर्ज की गई। धुंध के चलते आवागमन प्रभावित रहा, जिसका असर स्थानीय बाजारों पर भी पड़ा। दुकानदार राजेश, विक्की, रमन मदन और नवीन ने बताया कि रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या कम रहने से कारोबार सुस्त रहा। दोपहर बाद थोड़ी रौनक आई, जिसके बाद कुछ कामकाज हो सका।
दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु अंशुल, सुरजीत, रजनी और हिमांशु ने बताया कि भीड़ कम होने के कारण उन्हें जल्दी दर्शन का लाभ मिला। श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते हुए और भेंटें अर्पित करते हुए श्रद्धा भाव से मंदिर पहुंचे। सुगम दर्शन प्रणाली के माध्यम से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में हाजिरी लगाई।
उल्लेखनीय है कि मां चिंतपूर्णी दरबार में आमतौर पर रविवार और मंगलवार को श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक रहती है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में भक्त यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। हालांकि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण कई बार श्रद्धालुओं की संख्या घट जाती है, फिर भी भक्त बारिश या कठिन हालात में भी मां के प्रति अपनी आस्था लेकर दरबार पहुंचते हैं।
मंदिर अधिकारी अजय मंडियाल ने बताया कि रविवार को लगभग 10 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा होती है तो वे मंदिर प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं।
