चंबा में बैरागढ़-देवीकोठी-टेपा मार्ग पर गहरी खाई में गिरी कार, तीन लोगों की मौत

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना चुराह उपमंडल के बैरागढ़–देवीकोठी–टेपा मार्ग पर मंगलवार शाम हुई, जब एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा टैपा नाला के पास हुआ, जहां वाहन संख्या एचपी 44-4925 पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

कार में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान चालक राजेंद्र पुत्र जगत राम, पम्मी पुत्र नरैण सिंह और सचिन पुत्र किशन के रूप में हुई है। सभी लोग टेपा और आसपास के गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं। इस हादसे में दो लोग — अमर सिंह पुत्र काशी और धर्म सिंह पुत्र मानसिंह — गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना तीसा की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। खाई की गहराई और कठिन भौगोलिक स्थिति के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतें आईं। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि प्राथमिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की संभावना जताई गई है। सटीक कारणों की जांच जारी है। इस भीषण हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि इस खतरनाक मार्ग पर सुरक्षा बैरियर लगाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

पिछला लेख
दिल्ली से संदिग्ध जासूस गिरफ्तार, पाकिस्तान सहित कई देशों की कर चुका है यात्राएं
अगला लेख
एचआरटीसी बसों में सामान भेजने पर लगने वाले किराये को कम करने की तैयारी, पाॅलिसी में होगा संशोधन

इस विषय से संबंधित:

Toggle Dark Mode