मंडी के देव सदन में सर्व देवता सेवा समिति जिला मंडी की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष शिव पाल शर्मा ने की। बैठक में देव कमरुनाग के नव नियुक्त पुजारी, गुरु सहित विभिन्न देवी-देवताओं के कारदारों ने भाग लिया और आगामी जलेब को पारंपरिक और शांतिपूर्ण ढंग से निकालने पर सर्वसम्मति बनी। बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष शिव पाल शर्मा ने कहा कि रियासत काल से चली आ रही जलेब की परंपरा पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित रही है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में इसके स्वरूप में बदलाव देखने को मिला है। इससे आम जनमानस में असंतोष की भावना भी बनी है। उन्होंने सभी कारदारों से आग्रह किया कि श्रद्धालुओं की भावना का सम्मान करते हुए जलेब को पुनः पुराने पारंपरिक स्वरूप में ही निकाला जाए। इस पर सभी देवी-देवताओं के कारदारों से सुझाव लिए गए और खुली चर्चा की गई। विचार-विमर्श के बाद सभी ने एकमत होकर यह निर्णय लिया कि जलेब को परंपरा के अनुसार ही निकाला जाएगा और किसी भी तरह की अव्यवस्था या बदलाव से बचा जाएगा। बैठक के उपरांत सभी कारदारों ने पडल मैदान और चानणी का निरीक्षण भी किया, जहां इस बार देवी-देवता विराजमान होंगे। समिति की ओर से सभी से अनुरोध किया गया कि जलेब को पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से निकाला जाए और किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता से परहेज किया जाए।
पिछला लेख
हिमाचल: महिला सामाजिक शिक्षा समन्वयक को सेवानिवृत्ति से एक दिन पहले मिला पदोन्नति का तोहफा
अगला लेख
