शिमला: हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर से मौसम का रुख बदलने जा रहा है. नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने से प्रदेश के विभिन्न स्थानों बारिश-बर्फबारी की संभावना है. इसके साथ ही कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार 3 फरवरी तक विभिन्न जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार है.
प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ में ज्यादा एक्टिव होने के चलते कुल्लू, चंबा और लाहौल-स्पीति समेत अन्य ऊंचाई वाले स्थानों पर भारी बर्फबारी का संभावना है. वहीं, अन्य मध्यम ऊंचाई वाले और निचले एवं मैदानी क्षेत्रों में बारिश होने के आसार हैं, जिसको लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है. वहीं, 27 जनवरी को ऊंचाई और मध्यम पर्वतीय वाले इलाकों में हुई भारी बर्फबारी के चलते अभी तक हालात सामान्य नहीं हो पाए हैं. हालांकि, इस बर्फबारी से एक ओर किसानों-बागवानों ने राहत की सांस ली है. वहीं, दूसरी ओर इन इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. प्रदेश में अभी भी 3 नेशनल हाईवे समेत लगभग 652 सड़कें बाधित हैं, जिसके चलते स्थानीय लोगों को साथ पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
