चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस को प्रारंभिक जांच में नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका है। मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब युवक के साथ ठहरे पंजाब के जालंधर से आए दो दोस्तों को 2.15 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया गया। मृतक की पहचान रोहित निवासी भरमौर के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जिवांशु दुआ (30) निवासी बस्ती पीर डाढ़ महाराजा गार्डन, जालंधर और कर्ण (25) निवासी मखदुमपुरा, जालंधर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार 8 फरवरी को जालंधर से आए दोनों युवक ग्राम पंचायत सचुई के गांव बाड़ी में रमेश चंद के घर ठहरे थे।
दोनों रोहित के दोस्त बताए जा रहे हैं। उसी रात रोहित भी उनके साथ कमरे में रुका। अगली सुबह जिवांशु ने परिजनों को फोन कर रोहित के बेहोश होने की सूचना दी। परिजन और स्थानीय लोग रोहित को तुरंत सिविल अस्पताल भरमौर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में परिजनों को किसी साजिश का संदेह नहीं था, लेकिन बाद में मौत के कारणों की जांच की मांग की गई। पुलिस पूछताछ में संदेह गहराया कि रोहित ने दोनों दोस्तों के साथ नशे का सेवन किया था। पूछताछ के दौरान जिवांशु ने खुलासा किया कि वह निजी कार से जालंधर से भरमौर आया था। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय गवाहों की मौजूदगी में हेलीपैड के पास खड़ी कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की में रखे टूल बॉक्स के जैक के अंदर से दो पारदर्शी पॉलीथिन में 2.15 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
युवक की मौत और नशे के बीच संबंधों की हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल जालंधर के दोनों युवकों को चिट्टा रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों की जमानत हो चुकी है। – विजय सकलानी, पुलिस अधीक्षक चंबा
