हिमाचल: मंडी के पुलघराट गोलीकांड मामले में दोनों आरोपी गिरफ्तार, कमरे से देसी कट्टा, कारतूस भी बरामद

 मंडी शहर के साथ लगते पुलघराट में हुए गोलीकांड मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 

हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर के साथ लगते पुलघराट में हुए गोलीकांड मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गिरफ्तार उत्तर प्रदेश के मुज्जफरनगर के रहने वाले हैं। इनकी पहचान इनकी पहचान आजम (20) और अजमल (24) के रूप में हुई है। पुलिस को आरोपियों के किराये के कमरे से देसी कट्टा, कारतूस भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी सगे भाई हैं। पुलिस अधीक्षक मंडी साक्षी वर्मा ने इसकी पुष्टि की है। 

ढाबा संचालक पर हमला: लूटपाट के बाद गोली मारकर फरार हुए आरोपी

मंडी जिले के पुलघराट में शुक्रवार आधी रात को एक ढाबे पर लूटपाट और गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई। रॉयल लश किचन ढाबे पर दो बाइक सवार युवक आए और खाना पैक करने का ऑर्डर दिया। जैसे ही ढाबा मालिक प्रदीप गुलेरिया खाना पैक कर रहे थे, दोनों आरोपियों ने लूटपाट शुरू कर दी।

घटना का पूरा विवरण

आरोपियों ने न केवल खाने के पैसे देने से इनकार किया बल्कि ढाबे के गल्ले से नकदी भी निकाल ली। जब उन्होंने प्रदीप से और पैसे मांगे और उसने इनकार किया, तो आरोपियों ने गोली मारने की धमकी दी। इसी दौरान वे ढाबे पर लगी एलईडी भी अपने साथ ले जाने लगे। जब प्रदीप ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो एक आरोपी ने रिवॉल्वर निकालकर गोली चला दी।

गोली पहले प्रदीप के हाथ में लगी और फिर उनके गाल में जा धंसी। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और सुंदरनगर की ओर भाग निकले। बताया जा रहा है कि वे मंडी की तरफ से आए थे।

पुलिस जांच और एसआईटी का गठन

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी एलआर सचिन हीरेमठ की अध्यक्षता में एक एसआईटी गठित की गई है। सदर पुलिस थाना में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उनकी धरपकड़ के लिए अभियान जारी है।

पिछला लेख
Chamba News: बिना लाइसेंस दवा बेचते पकड़े पिता-पुत्र, गोशाला में भी छुपा रखी थीं नशीली दवाएं
अगला लेख
हिमाचल हाईकोर्ट: आउटसोर्स भर्ती से जुड़े मामलों का आठ हफ्ते में होगा निपटारा

इस विषय से संबंधित:

Toggle Dark Mode