चंबा: दुष्कर्म मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार

डीएनए रिपोर्ट के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई

डीएनए टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

पांगी दुष्कर्म मामला: डीएनए रिपोर्ट के बाद दूसरा आरोपी गिरफ्तार, 7 दिन की पुलिस रिमांड

जनजातीय क्षेत्र पांगी में पिछले साल दर्ज दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट के एक गंभीर मामले में डीएनए टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। नवंबर 2025 में दर्ज इस मामले में डीएनए रिपोर्ट ने अहम साक्ष्य प्रदान करते हुए आरोपी की संलिप्तता पर मुहर लगा दी है।

जिस आरोपी को पहले अदालत से जमानत मिल गई थी, उसे डीएनए मैच होने के बाद पुलिस ने जम्मू-कश्मीर से दबोच लिया। मंगलवार को आरोपी को चंबा अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

यह मामला केवल दुष्कर्म तक सीमित नहीं है, बल्कि एक नवजात बच्चे की कथित खरीद-फरोख्त से भी जुड़ा हुआ है, जिससे इसकी गंभीरता और बढ़ जाती है।

इस मामले को लेकर भरमौर-पांगी के विधायक डॉ. जनक राज ने पिछले साल विधानसभा के शीतकालीन सत्र में मुद्दा उठाया था। उन्होंने एक शिक्षण संस्थान में पढ़ रही नाबालिग के साथ हुई घटना और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए थे। विधायक के हस्तक्षेप के बाद पुलिस और प्रशासन सक्रिय हुआ और पांगी थाने में दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

जांच में सामने आया कि एक आरोपी नाबालिग को बहला-फुसलाकर जम्मू ले गया, जहां पीड़िता ने एक बच्चे को जन्म दिया। आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए आरोपी ने नवजात को किसी अज्ञात व्यक्ति को सौंप दिया। इसके बाद पीड़िता की शादी किसी अन्य व्यक्ति से करा दी गई और आरोपी वापस पांगी लौट आया।

जब इस घटना की जानकारी गांव वालों को मिली, तो उन्होंने विधायक से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। मामले की जांच के दौरान वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए डीएनए टेस्ट कराया गया।

शुरुआती जांच में दूसरे आरोपी शाम लाल निवासी गंधारी, जम्मू-कश्मीर को अदालत से जमानत मिल गई थी, लेकिन हाल ही में आई डीएनए रिपोर्ट में उसका सैंपल मैच हो गया, जिससे उसकी संलिप्तता भी स्पष्ट हो गई।

रिपोर्ट मिलते ही चंबा पुलिस की टीम ने जम्मू के गंधारी क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।



पिछला लेख
हिमाचल प्रदेश में स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट रोकना पड़ेगा भारी, शिक्षा विभाग की चेतावनी; ..तो रद हो सकती है NOC
अगला लेख
चंबा: हुट्टा से सलूणी कॉलेज तक बस सेवा शुरू करने की उठी मांग

इस विषय से संबंधित:

Toggle Dark Mode