वारदात का मुख्य आरोपी और शूटर अमन उर्फ काकू को बिलासपुर पुलिस अपनी कस्टडी में लेकर जिला मुख्यालय पहुंच गई है। आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
सदर के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर 14 मार्च 2025 को हुए गोलीकांड मामले में आखिरकार पुलिस ने एक साल बाद मुख्य शूटर अमन को गिरफ्त में ले लिया। वारदात का मुख्य आरोपी और शूटर अमन उर्फ काकू को बिलासपुर पुलिस अपनी कस्टडी में लेकर जिला मुख्यालय पहुंच गई है। आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा। करीब एक वर्ष से फरार चल रहे अमन की गिरफ्तारी को इस हाई प्रोफाइल मामले में बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। एक साल से वह लगातार ठिकाने बदलकर जांच एजेंसियों को चकमा दे रहा था।
कुछ दिन पहले हरियाणा के रोहतक में एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ के बाद वह घायल अवस्था में पकड़ा गया। प्राथमिक उपचार के बाद कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर बिलासपुर पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लिया और हिमाचल ले आई। 14 मार्च 2025 को हुई फायरिंग के बाद से ही अमन उर्फ काकू पुलिस की रडार पर था। जांच में उसका नाम मुख्य शूटर के रूप में सामने आया था। वारदात के बाद से वह भूमिगत हो गया था और पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में अलग-अलग राज्यों में दबिश दे रही थीं। जानकारी के अनुसार अमन संगठित गैंग से जुड़ा हुआ है और पेशेवर तरीके से वारदात को अंजाम देने में माहिर माना जाता है। पुलिस का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से न केवल इस केस की कड़ियां जुड़ेंगी बल्कि गैंग के नेटवर्क का भी खुलासा हो सकता है।
14 मार्च 2025 की रात सदर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया था जब पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर उनकी पत्नी के सरकारी आवास चंगर में अंधाधुंध गोलियां चलाई गई थीं। हमले में बंबर ठाकुर और उनके सुरक्षा अधिकारी घायल हो गए थे। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए शूटरों को भगाने, ठहराने और रसद उपलब्ध कराने के आरोप में मंजीत नड्डा, रितेश शर्मा और रोहित राणा को गिरफ्तार किया था। इसके बाद क्रमवार कार्रवाई में शूटर सागर, शूटर अजय, मामले का मास्टरमाइंड माने जा रहे सौरभ उर्फ फांदी, कुलदीप और शूटर बॉबी को भी गिरफ्तार किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव चौधरी ने बताया कि अमन उर्फ काकू इस पूरे हमले की साजिश में अहम कड़ी है। शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
