प्रथम चरण के मतदान में ही उन्हें सिक्योंग (प्रधानमंत्री) चुन लिया गया है। सिक्योंग एवं राजनीतिक नेता, निर्वासित तिब्बती सरकार में प्रधानमंत्री के बराबर का पद है।
निर्वासित तिब्बती सरकार में निवर्तमान सिक्योंग (प्रधानमंत्री) पेंपा सेरिंग को दूसरी बार सरकार चलाने का मौका मिलेगा। प्रथम चरण के मतदान में ही उन्हें सिक्योंग (प्रधानमंत्री) चुन लिया गया है। सिक्योंग एवं राजनीतिक नेता, निर्वासित तिब्बती सरकार में प्रधानमंत्री के बराबर का पद है। केंद्रीय तिब्बती प्रशासन के चुनाव आयोग ने शुक्रवार को मैक्लोडगंज में एक प्रेस काॅन्फ्रेंस आयोजित कर सिक्योंग और 18वें तिब्बती संसद-इन-एग्जाइल के सदस्य के लिए प्रारंभिक चुनाव के परिणामों की घोषणा की। मुख्य चुनाव आयुक्त लोबसांग येशी ने घोषणा की कि चुनाव नियमों और विनियमों के अनुच्छेद 67(4) के तहत यदि किसी उम्मीदवार को प्रारंभिक चुनाव में कुल मतों का 60 फीसदी से अधिक प्राप्त होता है, तो अंतिम दौर का चुनाव नहीं होगा और वह उम्मीदवार सिक्योंग के रूप में निर्वाचित घोषित होगा। इन्हीं नियमों के अनुसार पेंपा सेरिंग को सिक्योंग के रूप में निर्वाचित घोषित किया गया है। उन्हें कुल मतों का 61.025 फीसदी प्राप्त हुआ। चुनाव आयोग ने बताया कि एक फरवरी को हुए प्रारंभिक चरण के मतदान में कुल 51,140 तिब्बतियों ने सिक्योंग चुनाव में मतदान किया। इसमें कुल 103 उम्मीदवारों ने भाग लिया। वर्तमान सिक्योंग पेंपा सेरिंग ने 31,225 वोट, केल्संग दोरजी औकातसंग और सेरिंग फुन्त्सोक ने क्रमशः 17,843 और 159 वोट प्राप्त किए। अन्य उम्मीदवारों ने बहुत कम मत प्राप्त किए। बता दें कि पेंपा सेरिंग मई 2021 के चुनाव में 34,348 मत प्राप्त कर पहली बार निर्वासित तिब्बत सरकार के सिक्योंग बने थे।
अब केवल संसद सदस्य के लिए होगा मतदान
चुनाव आयोग ने इस मौके पर निर्वासित तिब्बती संसद के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की। इसमें तिब्बत के तीन पारंपरिक प्रांतों से 30 उम्मीदवार, तिब्बती बौद्ध धर्म और बोन धर्म के चार स्कूलों से 6 उम्मीदवार, उत्तर-दक्षिण अमेरिका, यूरोप और अफ्रीका से 6-6 उम्मीदवार और ऑस्ट्रेलिया (भारत, नेपाल और भूटान को छोड़कर) से 3 उम्मीदवार शामिल हैं। चुनाव आयुक्त ने यह भी घोषणा की है कि 18वें तिब्बती संसद-इन-एग्जाइल के उम्मीदवारों को 27 फरवरी 2026 तक अपने नामांकन की पुष्टि करनी होगी। जो उम्मीदवार नामांकन वापस लेना चाहते हैं, उन्हें 28 फरवरी तक चुनाव आयोग को एक लिखित अनुरोध सौंपना होगा। 26 अप्रैल को सांसदों के 45 पदों लिए मतदान का मुख्य चरण होगा।
यह तीन रहे हैं सिक्योंग
निर्वासित तिब्बत सरकार (केंद्रीय तिब्बती प्रशासन) का मुख्यालय धर्मशाला में है। अब तक के तीन सिक्योंग (प्रधानमंत्री) रहे हैं। इनमें प्रोफेसर समदोंग रिनपोछे (2001-2011), डॉ. लोबसांग सांग्ये (2011-2021) और वर्तमान सिक्योंग (प्रधानमंत्री) पेंपा सेरिंग (2021-वर्तमान) शामिल हैं
