Chamba News: 542 बूथों में 2200 से अधिक कर्मचारियों ने पिलाई पोलियो की खुराक

सीएमओ कार्यालय में उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने किया अभियान का शुभारंभ

दवाई से छूटे बच्चों को घर-घर जाकर पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

चंबा जिले में राष्ट्रीय पोलियो उन्मूलन अभियान के तहत रविवार को व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान को सफल बनाने के लिए 2200 से अधिक कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। अभियान में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के अलावा शिक्षा, महिला एवं बाल विकास सहित अन्य विभागों के कर्मचारी भी तैनात रहे, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को पोलियो की दवाई पिलाई जा सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह ने बताया कि जिले में शून्य से पांच वर्ष की आयु के कुल 52,137 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। अभियान के दौरान जिन बच्चों को किसी कारणवश दवाई नहीं पिलाई जा सकी, उन्हें कवर करने के लिए विशेष योजना बनाई गई है। इसके तहत आशा वर्कर अगले दो दिनों तक घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को पोलियो की दवाई पिलाएंगी, ताकि कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे।

डॉ. जालम सिंह ने कहा कि पोलियो एक गंभीर और आजीवन अपंगता पैदा करने वाली बीमारी है, जिससे बचाव के लिए समय पर दवाई पिलाना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग समय-समय पर अभिभावकों को जागरूक करता रहता है और उन्हें पोलियो ड्रॉप्स की महत्ता के बारे में जानकारी देता है। विभाग का प्रयास है कि जिले का हर बच्चा इस अभियान के दायरे में आए और पोलियो मुक्त समाज की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया जा सके।

खबर लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया था कि जिले में कुल कितने बच्चों को पोलियो की दवाई पिलाई जा चुकी है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि लक्ष्य के करीब पहुंचने की पूरी उम्मीद है।

पिछला लेख
वर्ल्ड कप के बाद सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पर संकट, शुभमन गिल बन सकते हैं टी20 टीम के नए कप्तान
अगला लेख
Himachal Weather: हिमाचल में इस बार व्हाइट क्रिसमस की उम्मीद कम, बर्फबारी के बाद दारचा-शिंकुला सड़क बंद

इस विषय से संबंधित:

Toggle Dark Mode